छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप: राजधानी रायपुर में आज लू की चेतावनी

45 डिग्री तक पहुंचा पारा, दिन के साथ रातें भी हो रहीं तपती
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को राजनांदगांव में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दुर्ग और रायपुर में 43 डिग्री की गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालात ऐसे हैं कि शहरी इलाकों में दिन के साथ-साथ रातें भी तप रही हैं और न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। फिलहाल मौसम में किसी बड़ी राहत के संकेत नहीं मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मध्य क्षेत्र पूरी तरह गर्मी की चपेट में है और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले 24 घंटे में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पाई।
प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है, वहीं एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चल सकती है। मौसम विभाग ने दो दिनों बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के संकेत दिए हैं, जिसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार विभिन्न द्रोणिकाओं और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 19 अप्रैल को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि बस्तर संभाग के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


