रायपुर में सियासी हलचल तेज: सीएम साय की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, भूपेश का भाजपा पर हमला

डीसीपी नार्थ का सोशल मीडिया LIVE, राजधानी में भगवान परशुराम जन्मोत्सव सहित कई आयोजन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में रविवार को सियासी और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इसी कड़ी में आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वहीं भाजपा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ प्रदेश, संभाग और जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किए जाने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही महिला जनआक्रोश पदयात्रा और सम्मेलन की रूपरेखा भी तय की गई है, जिसमें 20–21 अप्रैल को प्रदेशभर में पदयात्राएं और 23–24 अप्रैल को महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि परिसीमन की आड़ में भाजपा अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश कर रही थी। बघेल ने सवाल उठाया कि जब जनगणना ही नहीं हुई है तो परिसीमन कैसे कराया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि 543 सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू करने में कोई बाधा नहीं थी, फिर इसे टालने का क्या कारण था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह मुद्दा जनता का ध्यान भटकाने के लिए उठाया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह आज एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगे। वे सुबह राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने के बाद सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे, जहां संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
इधर आम जनता से जुड़ने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार सुबह 11 बजे डीसीपी नार्थ कमिश्नरेट मयंक गुर्जर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाइव रहेंगे। इस दौरान वे उत्तर कमिश्नरेट क्षेत्र की पुलिसिंग की जानकारी देंगे और नागरिकों के सवालों के जवाब भी देंगे। खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों से जुड़े लोग अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे साझा कर सकेंगे।
राजधानी में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। डंगनिया स्थित परशुराम मंदिर में शाम 4 बजे से छत्तीसगढ़ प्रगतिशील ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके अलावा कोटा और पंडरी के शिव मंदिरों में भी सुबह से आयोजन होंगे। वहीं चौबे कॉलोनी में महाराष्ट्र मंडल द्वारा शाम 7 बजे शिवाजी की महाआरती आयोजित की जाएगी। गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रोड में सुबह 10 बजे से कार्यशाला का समापन कार्यक्रम भी रखा गया है।


