MP Morning News : पश्चिम बंगाल में सीएम मोहन का प्रचार, TET पर शिक्षकों का प्रदर्शन, भोपाल-ग्वालियर में बदली स्कूल टाइमिंग

परशुराम जयंती की तैयारी, सड़कों के निरीक्षण के लिए दल गठित, राजधानी में बिजली कटौती
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों का दिन व्यस्त रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करेंगे, जहां वे कमरहाटी और खड़गपुर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे रात 9:55 बजे भोपाल लौटेंगे।
प्रदेश कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा बैठक लगातार चौथे दिन भी जारी रहेगी। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी।
राजधानी भोपाल में आज TET अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है। शिक्षक संगठन शिक्षा विभाग के आदेश को वापस लेने की मांग कर रहे हैं और चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर ‘मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा’ निकाली जाएगी। इस बीच राज्य सरकार ने भी TET अनिवार्यता के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की है।
भीषण गर्मी को देखते हुए भोपाल और ग्वालियर में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब कक्षा पहली से 12वीं तक के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। प्रशासन ने यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है, जिससे विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिल सके।
प्रदेश में भगवान परशुराम जयंती को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न स्थानों पर भव्य आयोजन किए जाएंगे और सरकार की ओर से भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच लोक निर्माण विभाग ने सभी संभागों में निरीक्षण दल गठित किए हैं। ये दल मौके पर जाकर सड़कों की स्थिति की जांच करेंगे और रिपोर्ट पेश करेंगे, साथ ही लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं राजधानी भोपाल में आज कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग समय में 45 से अधिक क्षेत्रों में मेंटेनेंस कार्य के चलते बिजली कटौती की जाएगी, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।



