CG Morning News : महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, संजू देवी का आज होगा सम्मान, बैज का महासमुंद-बागबहरा दौरा

सीतापुर चुनाव रद्द की याचिका खारिज, ई-चालान के लिए आखिरी मौका
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों से दिन भर हलचल रहने वाली है। विश्वकप कबड्डी विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी संजू देवी का आज उपमुख्यमंत्री साव द्वारा सम्मान किया जाएगा। यह कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित निवास में सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें खेल जगत से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज आज महासमुंद और बागबाहरा के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे।
वहीं 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल लोकसभा में गिरने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव ने कहा कि विपक्ष की बाधाएं सरकार के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय और लता उसेंडी सहित अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि मातृशक्ति आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
इधर रायपुर में ई-चालान जमा करने के लिए वाहन चालकों को अंतिम अवसर दिया गया है। 5 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत में लंबित चालानों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए वाहन मालिकों को पहले ट्रैफिक थाने में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। निर्धारित समय के बाद लंबित चालान वाले वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में एक लाख से अधिक चालान लंबित बताए जा रहे हैं।
उधर बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने सीतापुर विधानसभा चुनाव रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। यह याचिका आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन निरस्त होने के बाद दायर की गई थी, जिसमें निर्वाचित विधायक रामकुमार टोप्पो को पक्षकार बनाया गया था।
राजधानी रायपुर में आज विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। परशुराम जन्मोत्सव के तहत शाम 7 बजे डंगनिया स्थित रमाकुंज में आयोजन होगा, वहीं महाकोशल कला परिषद द्वारा कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक भी सुबह 10 बजे तेलीबांधा स्थित कर्मचारी भवन में आयोजित होगी।


