बिलासपुर संभाग

बच्चों की कल्पना में साकार हुआ 2047 का विकसित भारत, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में दिखा राष्ट्र निर्माण का संकल्प

विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के जरिए रखे अपने विचार
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मल्टीपरपज आत्मानंद स्कूल, दयालबंद में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवा शक्ति और सामाजिक समानता जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा से संकल्प अभियान विकसित भारत की उस परिकल्पना को साकार करने का संकल्प है, जो वर्ष 2047 में देश की आजादी के 100वें वर्ष के अवसर पर अपने पूर्ण स्वरूप में सामने आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश इसी लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
संप्रभुता, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
अमर अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत की पहली आवश्यकता देश की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में किए गए परमाणु परीक्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भारत की सामरिक शक्ति को वैश्विक पहचान मिली। उन्होंने कहा कि आज भारत ज्ञान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है तथा अपनी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और पीएम गति शक्ति मिशन जैसी पहलें देश के आर्थिक विकास को नई दिशा दे रही हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार तथा छोटे उद्यमों को प्रोत्साहन मिला है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं से आम परिवारों के जीवन में सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
बच्चों की रचनात्मकता में दिखी 2047 के भारत की तस्वीर
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ शहरों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की दिशा में भी काम हो रहा है। आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। बेटा-बेटी एक समान की भावना सामाजिक समानता को मजबूत कर रही है और खेलों में भी भारतीय बच्चे एवं युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों और भाषणों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और उनके विचार यह विश्वास मजबूत करते हैं कि वर्ष 2047 के विकसित भारत की तस्वीर इन्हीं बच्चों और युवाओं के हाथों साकार होगी।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने स्वच्छता को जनभागीदारी की संस्कृति से जोड़ा है। वहीं भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
इन विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में दो वर्गों में अमितेष तिवारी, अनिरुद्ध साहू, परी राय, मिथिला साहू, दिव्या पटेल और महिमा पांडे सहित विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की।
चित्रकला प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में रिया रंजन (मस्तूरी), श्रद्धा सेन (बिल्हा), मानसी मानिकपुरी (कोटा) और ईशा करिमा (कोटा) विजेता रहे। वहीं वरिष्ठ वर्ग में नव्या अग्रवाल (बिल्हा), जया साहू (मस्तूरी), ललिमा कौशिक (कोटा) और धृतिका साहू (तखतपुर) ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विजेता विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, विधायक सुशांत शुक्ला, पूजा विधानी, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!