थाने में वाटर कूलर बना मौत का कारण: पानी पीने पहुंचे युवक की करंट लगने से मौत, बचाने वाला आरक्षक भी झुलसा

कूलर छूते ही जमीन पर गिरा युवक, बिजली विभाग की टीम ने शुरू की जांच
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // विधानसभा थाना परिसर में पानी पीने पहुंचे 32 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक को भी करंट लगा, जिससे वह झुलस गया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाटर कूलर और विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है।
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतक की पहचान बिल्हा, जिला बिलासपुर निवासी रमेश ठाकुर (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान पानी पीने के लिए वह थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पहुंचा। कूलर को छूते ही उसे तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
युवक को बचाने दौड़े आरक्षक को भी लगा करंट
रमेश के करंट की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आरक्षक का उपचार जारी है।
विद्युत विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाटर कूलर समेत उसके विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कूलर में करंट कैसे आया और उसका विद्युत प्रवाह बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंचा।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विद्युत विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाटर कूलर की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।


