आधी रात दो पक्षों में हिंसक झड़प, पुलिस पर भी बरसे पत्थर; टीआई समेत कई घायल

पथराव और चाकूबाजी के बाद इलाके में तनाव, भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। खपरगंज इलाके में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
सोशल मीडिया कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे।

पथराव में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा।
टीआई के सिर में लगी चोट, तीन युवक चाकूबाजी में घायल
पथराव के दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई। वहीं तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
घटना के बाद कोतवाली थाने में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सड़कों पर युवकों की भीड़ ने नारेबाजी की, जिसके चलते देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

कलेक्टर और एसएसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे और पुलिस-प्रशासन के साथ बैठक कर युवकों को समझाइश दी। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल लगातार तैनात है।






