आज छत्तीसगढ़ में कई बड़े कार्यक्रम, राज्यपाल डेका का बलौदाबाजार दौरा; सीएम साय करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान

भाजपा की कार्यशाला से लेकर राज्य खेल अलंकरण और टेबल टेनिस प्रतियोगिता तक, राजधानी में दिनभर रहेंगी गतिविधियां
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। राज्यपाल रमेन डेका बलौदाबाजार जिले के ग्राम चांपा के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भाजपा की कार्यशाला में हिस्सा लेने के साथ राज्य खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करेंगे। इसके अलावा रायपुर में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता की शुरुआत होगी।
राज्यपाल डेका का बलौदाबाजार दौरा
राज्यपाल रमेन डेका आज दोपहर करीब 12 बजे बलौदाबाजार जिले के ग्राम चांपा पहुंचेंगे। करीब तीन घंटे के प्रवास के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राज्यपाल ग्राम चांपा स्थित स्कूल में नवनिर्मित हाल का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय खिलाड़ियों को करेंगे सम्मानित
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे से 6 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किया जाएगा।
वहीं पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी दी जाएगी। शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार समेत विभिन्न खेल सम्मानों से प्रतिभाओं को नवाजा जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश सरकार के सभी मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।
रायपुर में आज से राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता
छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में रायपुर महानगर टेबल टेनिस संघ द्वारा 29 से 31 अगस्त तक प्रथम छत्तीसगढ़ राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का आयोजन सप्रे शाला टेबल टेनिस हाल, बूढ़ापारा में होगा। पहले दिन 29 अगस्त को यूथ अंडर-19 और यूथ अंडर-15 एकल वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।
30 अगस्त को सीनियर पुरुष-महिला और यूथ अंडर-11 वर्ग के मुकाबले होंगे, जबकि 31 अगस्त को यूथ अंडर-17, यूथ अंडर-13 और सीनियर पुरुष एकल वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


