चक्रवात मुरासु का असर: मध्यप्रदेश में बारिश और ठंड का दोहरा दौर, कई जिलों में आंधी का अलर्ट

अगले चार दिन बदला रहेगा मौसम, विदिशा में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंची; नवंबर के दूसरे सप्ताह से ग्वालियर-चंबल में बढ़ सकती है ठिठुरन
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव से मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं बारिश तो कहीं कोहरे का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, नवंबर के दूसरे सप्ताह से तापमान में और गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब ‘मुरासु’ के प्रभाव से पांच नवंबर तक प्रदेश में मौसम प्रभावित रह सकता है। सोमवार को जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, कटनी, अनूपपुर, शहडोल, सिंगरौली, सीधी, मैहर और उमरिया में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कई संभागों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट
बीते 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। चंबल, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में दिन का तापमान 5.3 से 7.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में पारा 4.9 डिग्री तक लुढ़का है।
पचमढ़ी और उमरिया में दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी एक से दो डिग्री तक गिरावट देखी गई। बीती रात दमोह में 14.5 डिग्री, अमरकंटक में 15.1 डिग्री, भोपाल में 15.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 15.4 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 15.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
विदिशा में दृश्यता घटकर 50 मीटर
प्रदेश में बारिश के साथ कोहरे का असर भी दिखाई दे रहा है। विदिशा में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सीधी, सिंगरौली और नरसिंहपुर सहित करीब 15 जिलों में सोमवार को बारिश हो सकती है। इसके विपरीत प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में तापमान तेजी से गिरने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को बारिश के साथ सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।



