लग्जरी होटलों की रसोई में गंदगी, खीरे को चूहों ने कुतरा; बेसन-रवा में मिले कीड़े

मोबाइल कोर्ट की छापेमारी में खाद्य सुरक्षा की खुली पोल, तीन होटल-रेस्टोरेंट पर जुर्माना; पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक अतिक्रमण पर भी कार्रवाई
बाहर से चमक-दमक और लग्जरी सुविधाओं का दावा करने वाले होटलों की रसोई में ग्राहकों को किस तरह का भोजन परोसा जा रहा है, इसकी चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जांच के दौरान कहीं चूहों द्वारा कुतरा हुआ खीरा मिला, तो कहीं बेसन और रवा में कीड़े व इल्लियां दिखाई दीं। मोबाइल कोर्ट ने तीन होटल-रेस्टोरेंट में गड़बड़ियां मिलने पर संचालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की। इसके साथ ही सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
विदिशा ( शिखर दर्शन ) //
शुक्रवार को मोबाइल कोर्ट के न्यायाधीश के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका, आबकारी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने हाईवे स्थित तीन बड़े होटल-रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान रसोई की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में गंभीर खामियां सामने आईं।
जांच के दौरान एक होटल की रसोई में रखा खीरा चूहों द्वारा कुतरा हुआ मिला। वहीं, दूसरे होटल में रखे बेसन और रवा में कीड़े व इल्लियां रेंगती दिखाई दीं। तीसरे होटल में भी खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ियां पाई गईं। इसके बाद तीनों होटल संचालकों पर जुर्माना लगाया गया।
खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। पूरी कार्रवाई के दौरान करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
होटलों की रसोई में गंदगी और खाद्य सामग्री में कीड़े मिलने से साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाया
होटलों की जांच के बाद मोबाइल कोर्ट का अमला पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाने पहुंचा। सड़क पर रखी गुमठियों को जब्त किया गया। दुकानों के बाहर रखा सामान नगर पालिका की टीम ने वाहनों में भरकर हटाया। कई दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना भी लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के वाहन और पुलिस बल तैनात रहे। सड़क पर अतिक्रमण कर कारोबार करने वालों के खिलाफ इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
कार्रवाई की खबर मिलते ही सामान समेटने लगे दुकानदार
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई की सूचना फैलते ही सड़क पर कब्जा कर दुकान चलाने वाले कई दुकानदार अपना सामान समेटकर हटते नजर आए। पूरनपुरा से दुर्गानगर चौराहे तक दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा।
एक ओर होटलों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और ग्राहकों की सेहत को लेकर सवाल उठे, तो दूसरी ओर सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट और संबंधित मामलों में प्रशासन की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।



