अंतिम संस्कार के दौरान जलती चिता में जा घुसी ऑटो, मामा-भांजे समेत कई लोग झुलसे; आग की चपेट में आकर वाहन जलकर राख

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अंतिम संस्कार के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंगल स्थित दीनदयाल कॉलोनी में एक वृद्ध महिला के अंतिम संस्कार के बाद लौटने की तैयारी कर रहे रिश्तेदारों की ऑटो अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और सीधे जलती हुई चिता में जा घुसी। हादसे में ऑटो चालक, उसके भांजे समेत कई लोग झुलस गए। वहीं, चिता की आग की चपेट में आने से ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गई। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बैक गियर में लगी थी ऑटो, स्टार्ट करते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चालक हैं। उनके भांजे शैलेंद्र सिंह कोरबा जिले के इमलीडुग्गू क्षेत्र में रहते हैं। मंगल की दीनदयाल कॉलोनी में रहने वाली उनकी एक वृद्ध रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के बाद अचानक मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर दशरथ अपने भांजे शैलेंद्र के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दशरथ अपने भांजे और अन्य रिश्तेदारों के साथ घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ऑटो को स्टार्ट कर आगे बढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन वाहन पहले से ही बैक गियर में लगा हुआ था। इसके चलते ऑटो आगे बढ़ने के बजाय अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और सीधे जलती हुई चिता में जा घुसी।
ऑटो में सवार लोगों में मची अफरा-तफरी
अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में सवार दशरथ, उनके भांजे शैलेंद्र और अन्य रिश्तेदार आग की चपेट में आकर झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों की मदद से ऑटो में सवार व्यक्तियों को किसी तरह बाहर निकाला गया। हालांकि, आग की चपेट में आने के कारण ऑटो धू-धूकर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घायलों को सिम्स में कराया गया भर्ती
हादसे में झुलसे लोगों को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति और उन्हें आई चोटों की गंभीरता के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।



