आंवला नवमी आज: आखिर क्यों पेड़ की छांव में भोजन करने की है परंपरा ? जानिए इसका धार्मिक महत्व

धर्म-संस्कृति ( शिखर दर्शन ) // कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि यानी 18 नवंबर, बुधवार को देशभर में आंवला नवमी और अक्षय नवमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। इस पर्व से जुड़ी एक अनूठी परंपरा भी है, जिसके तहत लोग पूजा-अर्चना के बाद आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर परिवार सहित भोजन करते हैं। आखिर घर के बजाय पेड़ की छांव में भोजन करने की यह परंपरा क्यों शुरू हुई और इसके पीछे क्या धार्मिक मान्यता है?
माता लक्ष्मी से जुड़ी है आंवला नवमी की कथा
धार्मिक मान्यता के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी के मन में भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने की इच्छा हुई। भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी और भगवान शिव की आराधना में बेलपत्र का विशेष महत्व है। ऐसे में माता लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष को दोनों देवताओं के स्वरूप से जुड़ा मानकर उसकी पूजा की।
कथा के अनुसार, इसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन तैयार किया। सबसे पहले भगवान विष्णु और भगवान शिव को भोग अर्पित किया और फिर स्वयं प्रसाद ग्रहण किया। यह घटना कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि की मानी जाती है। तभी से आंवला नवमी पर वृक्ष की पूजा और उसकी छांव में बैठकर भोजन करने की परंपरा प्रचलित हुई।
परिवार को एकजुट करने का भी है संदेश
आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करना केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे परिवार के सामूहिक मेल-मिलाप और एकजुटता का प्रतीक भी माना जाता है। इस दिन परिवार के सभी सदस्य एक स्थान पर एकत्र होते हैं, पूजा के बाद भगवान को भोजन का भोग लगाते हैं और फिर प्रसाद के रूप में साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और परिवार के साथ समय बिताने का संदेश भी देती है।
आंवला नवमी पर पूजा का शुभ मुहूर्त
पंचांग गणना के अनुसार, इस वर्ष नवमी तिथि 18 नवंबर को सुबह 6:04 बजे शुरू होकर 19 नवंबर को सुबह 7:05 बजे तक रहेगी। 18 नवंबर को आंवले के वृक्ष की पूजा का शुभ समय सुबह 6:46 बजे से दोपहर 12:06 बजे तक बताया गया है।
इस विधि से करें आंवले के वृक्ष की पूजा
- सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें।
- आंवले के वृक्ष के पास जाकर जल अर्पित करें।
- रोली, अक्षत, पुष्प और दीपक से पूजा-अर्चना करें।
- भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का स्मरण करें।
- धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवले के वृक्ष की 108 परिक्रमा करें।
- भोजन तैयार कर भगवान को भोग लगाएं और परिवार के सदस्यों के साथ वृक्ष की छांव में बैठकर प्रसाद ग्रहण करें।
आंवला नवमी का यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के सम्मान, पारिवारिक एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है। यही वजह है कि आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करने की सदियों पुरानी परंपरा आज भी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है।


