रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड की ठिठुरन, अंबिकापुर में पारा 9.2 डिग्री पर पहुंचा; अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमने के बाद ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ रही है। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।

अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग में सबसे अधिक तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान अंबिकापुर में सबसे कम 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था।

विभाग के अनुसार, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में 26 नवंबर को अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

रायपुर में 14 से 15 डिग्री तक रह सकता है न्यूनतम तापमान

राजधानी रायपुर में 26 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के माना केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 से 30 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का अहसास और बढ़ेगा।

चक्रवाती परिसंचरण का छत्तीसगढ़ पर असर नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह मौसमी सिस्टम आमतौर पर बारिश की परिस्थितियां बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन फिलहाल इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।

प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में बारिश की संभावना कम है और सुबह-शाम ठंड का असर बना रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!