मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम: 10 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे, भोपाल समेत 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। हालात यह हैं कि 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले का करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, कटनी और दमोह में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। सुबह के समय धुंध और दिन में सर्द हवाओं का असर बना रहेगा।
करौंदी में सबसे कम 6.8 डिग्री तापमान
नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीती रात कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह में 7 डिग्री, शहडोल में 7.4 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 7.7 डिग्री और रीवा में 9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं रायसेन और खजुराहो में 9.6 डिग्री, जबकि जबलपुर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
भोपाल में भी बढ़ी ठिठुरन
राजधानी भोपाल में भी नवंबर के दौरान लगातार तीसरे साल कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 8.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत प्रदेश के 19 अन्य शहरों में भी रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।



