संविधान विशेषज्ञ और छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन, देशभर में शोक

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // देश के जाने-माने गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ, लेखक और छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन हो गया है। उन्होंने बीती रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से विधि, साहित्य और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।
कनक तिवारी का पार्थिव शरीर भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में रखा गया है। विदेश में रहने वाली उनकी बेटी के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लंबे समय से चल रही थी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी
कनक तिवारी के स्वास्थ्य को लेकर करीब एक महीने पहले से उनके परिचितों और प्रशंसकों के बीच चिंता जताई जा रही थी। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले तिवारी की ओर से लंबे समय तक कोई नई पोस्ट नहीं किए जाने पर उनके चाहने वाले उनका हालचाल जानने का प्रयास कर रहे थे।
देवप्रिय अवस्थी ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि कनक तिवारी की आखिरी पोस्ट देखे एक महीना बीत चुका है। उन्होंने तेजस के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की अद्यतन जानकारी साझा करने का आग्रह भी किया था।
पांचवीं बार आईसीयू में हुए थे भर्ती
इससे पहले कनक तिवारी ने 5 सितंबर को फेसबुक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि वे पांचवीं बार आईसीयू में भर्ती हुए हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने एक और पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित अपने मोहल्ले में गणेश उत्सव के अवसर पर सार्वजनिक रूप से किए गए अभिनंदन का उल्लेख किया था।
कनक तिवारी का निधन छत्तीसगढ़ के बौद्धिक, साहित्यिक और विधिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। संविधान, गांधीवादी विचारधारा और लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।



