दुर्ग संभाग

रिसाली निगम को 137 करोड़ की सौगात, CM साय ने 68 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

वृहद पेयजल योजना, स्ट्रीट लाइट और मुक्तिधामों के सौंदर्यीकरण की घोषणा; बोले- रिसाली के विकास में नहीं होगी धन की कमी

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 24 नवंबर को दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 68 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही करीब 137 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा की। इन योजनाओं में वृहद पेयजल योजना, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट और मुक्तिधामों का सौंदर्यीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं।

गुरुद्वारे में मत्था टेका, लंगर में भी हुए शामिल

दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय भिलाई पहुंचे। यहां उन्होंने सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मत्था टेका और लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने भिलाई स्थित कंट्रोल रूम में साइबर थाने के नए भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर और विधायक रिकेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

किसान मोर्चा ने हल भेंटकर किया स्वागत

रिसाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को हल भेंटकर उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां और स्वनिधि योजना के तहत राशि भी प्रदान की।

134 करोड़ की वृहद पेयजल योजना से मिलेगा स्वच्छ पानी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 134 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पेयजल योजना के तहत कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये तथा नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। रिसाली निगम क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!