Blog

8 हजार रुपये की रिश्वत लेते प्रधान डाकघर का उप मंडलीय निरीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथों दबोचा

ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के लिए मांगे थे 10 हजार रुपये, बातचीत के बाद 8 हजार में तय हुआ था सौदा; दमोह कार्यालय और सागर स्थित आवास पर भी छापेमारी

जबलपुर/दमोह ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक कर्मचारी को ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय और सागर स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया।

10 हजार की मांगी थी रिश्वत, 8 हजार में हुआ सौदा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हितेश ने सीबीआई की एसीबी जबलपुर शाखा में अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल ने उसे ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता और अधिकारी के बीच बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 8 हजार रुपये तय हुई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

कार्यालय की दराज से बरामद हुई रिश्वत की रकम

सीबीआई की एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत के 8 हजार रुपये आरोपी के कार्यालय में रखी टेबल की दराज से बरामद किए गए।

दमोह कार्यालय और सागर स्थित आवास पर तलाशी

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीमों ने आरोपी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। दमोह स्थित डाकघर कार्यालय के साथ सागर स्थित उसके आवास की भी सघन तलाशी ली गई। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल की गई।

विशेष न्यायालय ने भेजा न्यायिक हिरासत में

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीबीआई ने आरोपी विनय शंकर अग्रवाल को विशेष न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे 7 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। सीबीआई मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!