Blog

भारत दौरे को लेकर नेपाल में सियासी घमासान, बालेन शाह पर पूर्व विदेश मंत्री ने उठाए सवाल

भारत से रिश्तों में विश्वास बहाली की उम्मीद, लेकिन प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा से पहले राजनीतिक दलों और राष्ट्रपति को भरोसे में नहीं लेने का लगा आरोप

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत से शुरू हुई, लेकिन उनकी इस यात्रा को लेकर नेपाल की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य स्वागत किया। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई और कई समझौतों पर सहमति भी बनी। हालांकि, भारत के साथ रिश्तों को नई दिशा देने की इस कोशिश के बीच नेपाल में ही प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

नेपाल के पूर्व विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ज्ञवाली ने प्रधानमंत्री बालेन शाह पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भारत यात्रा पर रवाना होने से पहले देश के राजनीतिक दलों से कोई परामर्श नहीं किया। यहां तक कि राष्ट्रपति को भी इस राजकीय यात्रा की जानकारी नहीं दी गई। ज्ञवाली ने इसे अभूतपूर्व तरीका बताते हुए प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

भारत के साथ रिश्तों में विश्वास बहाली सबसे बड़ी चुनौती

पूर्व विदेश मंत्री ज्ञवाली ने हालांकि उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी भारत यात्रा के दौरान नेपाल के हितों और चिंता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले सितंबर में हुई घटनाओं, उसके बाद संपन्न चुनाव और नई सरकार के गठन के चलते भारत और नेपाल के बीच दूरी तथा विश्वास की कमी पैदा हुई है। ऐसे में प्रधानमंत्री बालेन शाह को दोनों पड़ोसी देशों के बीच पैदा हुई खाई को पाटने और आपसी विश्वास बहाल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

राजकीय यात्रा पर सवाल, भारत के साथ संबंधों पर नजर

बालेन शाह की इस यात्रा को नेपाल और भारत के संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नई सरकार के कार्यकाल में रिश्तों को मजबूत करना दोनों देशों की प्राथमिकता हो सकती है।

हालांकि, नेपाल में उठे राजनीतिक सवालों ने इस यात्रा को एक अलग सियासी संदर्भ दे दिया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों और बातचीत से दोनों देशों के संबंधों में कितना भरोसा लौटता है और नेपाल की घरेलू राजनीति में उठ रहे सवालों पर प्रधानमंत्री बालेन शाह क्या रुख अपनाते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!