छत्तीसगढ़ की नौकरशाही में बड़ा फेरबदल: सुबोध सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव, रोहित यादव और कमलप्रीत सिंह को भी पदोन्नति

चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को मिला उच्च वेतनमान, मुख्यमंत्री सचिवालय और गृह विभाग को मिले नए अपर मुख्य सचिव
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (एपेक्स स्केल) के पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव और स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति दी गई है।
इस पदोन्नति के साथ ही राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में चार वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों और पदों का स्तर बढ़ गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 13 अक्टूबर 2026 के पत्र के आधार पर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव वेतनमान में दो-दो रिक्त पद निर्धारित किए गए थे। इसी के तहत अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पदोन्नति प्रदान की गई है।
सुबोध कुमार सिंह बने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव
आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई-एमई और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री हासिल करने वाले सुबोध कुमार सिंह छत्तीसगढ़ प्रशासन के अनुभवी अधिकारियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत मंडला में सहायक कलेक्टर और कोरिया में एसडीओ के रूप में की थी। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद वे बस्तर के पहले जिला पंचायत सीईओ बने।
इसके बाद उन्होंने रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली। रायगढ़ में कलेक्टर रहते हुए रोजगार गारंटी योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए उन्हें केंद्र सरकार का नेशनल स्पेशल अवॉर्ड मिला था। रायपुर और बिलासपुर में सिटी बस सेवा तथा शहरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वर्ष 2009 से 2018 तक उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव से लेकर सचिव तक की जिम्मेदारी निभाई। इस दौरान जनदर्शन और लोक सुराज जैसे अभियानों की ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था विकसित करने में उनकी भूमिका रही। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक के रूप में उन्होंने एटीपी मशीनों और ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान व्यवस्था को आगे बढ़ाया।
उन्होंने खनिज, वाणिज्य एवं उद्योग, लोक निर्माण, विमानन और श्रम सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में भी काम किया। वर्ष 2020 से 2024 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा इस्पात मंत्रालय में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। जून 2023 से जून 2024 तक उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक का दायित्व भी संभाला। दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया था। अब पदोन्नति के बाद वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
निहारिका बारिक के नाम राज्य की पहली महिला गृह सचिव होने का रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ कैडर की 1997 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निहारिका बारिक को भी अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। वे राज्य में गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाली पहली महिला गृह सचिव के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं।
समाजशास्त्र में एमए और एमफिल की शिक्षा प्राप्त निहारिका बारिक ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में राज्य और केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे महासमुंद की कलेक्टर, बिलासपुर संभाग की कमिश्नर और नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन की रेजिडेंट कमिश्नर रह चुकी हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा तकनीकी शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्होंने काम किया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में सेवाएं दीं।
जनवरी 2024 से मई 2026 तक वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव रहीं। 6 मई 2026 को उन्हें गृह एवं जेल विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया था। अब पदोन्नति के बाद वे इसी विभाग में अपर मुख्य सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगी।
डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव वेतनमान
वर्ष 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नति दी गई है। वर्तमान में वे वित्त विभाग के सचिव हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर में सरगुजा और रायपुर जिले के कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव के रूप में भी उनकी लंबी पारी रही है।
वर्ष 2017 में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु के निजी सचिव के रूप में काम किया। इसके बाद इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव और फरवरी 2020 में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में संयुक्त सचिव नियुक्त हुए। वे छत्तीसगढ़ कैडर से पीएमओ में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों में शामिल हैं।
राज्य में वापसी के बाद उन्होंने ऊर्जा विभाग के सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जनसंपर्क विभाग के सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। मई 2026 से वे वित्त विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति
वर्ष 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया गया है। वे वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव हैं। प्रशासनिक करियर की शुरुआत में उन्होंने बस्तर और दुर्ग में एसडीओ, रायपुर नगर निगम आयुक्त तथा बिलासपुर में अपर कलेक्टर के रूप में काम किया। इसके बाद कोरिया और सरगुजा जिले के कलेक्टर की जिम्मेदारी संभाली।
अपने प्रशासनिक सफर में वे स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, वित्त, आबकारी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, परिवहन, कृषि तथा लोक निर्माण विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दे चुके हैं।
नोटबंदी के दौरान वित्त सचिव के रूप में धान खरीदी के लिए नकदी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका रही। वहीं कोरोना काल में खाद्य एवं परिवहन विभाग की जिम्मेदारी संभालते हुए दूसरे राज्यों में फंसे श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए किए गए प्रबंधन को भी सराहना मिली।
मई 2026 से वे स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में काम कर रहे हैं। अब पदोन्नति के बाद उन्हें प्रमुख सचिव वेतनमान मिला है।
चार अधिकारियों की पदोन्नति को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। खासकर मुख्यमंत्री सचिवालय और गृह विभाग में अपर मुख्य सचिव स्तर पर नेतृत्व मजबूत होने के साथ वित्त एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी वरिष्ठता का नया स्तर स्थापित हुआ है।





