छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को 75 हजार रुपये तक की खेलवृत्ति, 30 नवंबर तक आवेदन का मौका

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन, वरिष्ठ, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार आर्थिक प्रोत्साहन देने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत खेलवृत्ति प्रदान करने के लिए प्रदेश के पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर की अधिकृत प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि और आयु वर्ग के अनुसार 20 हजार से लेकर 75 हजार रुपये तक की खेलवृत्ति दी जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
पदक के अनुसार मिलेगी खेलवृत्ति
योजना के तहत वरिष्ठ वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 75 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इसी तरह जूनियर वर्ग में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 60 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपये की खेलवृत्ति मिलेगी। सब-जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान के लिए 50 हजार, द्वितीय स्थान के लिए 25 हजार और तृतीय स्थान के लिए 20 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इन प्रतियोगिताओं की उपलब्धियों को मिलेगी मान्यता
खेलवृत्ति के लिए 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच आयोजित अधिकृत राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को आधार बनाया जाएगा। ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स में शामिल खेल विधाओं की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी योजना के लिए पात्र होंगे। आवेदन में संबंधित खेल विधा का स्पष्ट उल्लेख करना अनिवार्य है।
ओलंपिक से लेकर एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों तक की विधाएं शामिल
योजना में ओलंपिक खेलों की प्रमुख विधाओं के साथ एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स में शामिल विभिन्न खेलों को भी स्थान दिया गया है। इनमें एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कुश्ती, तीरंदाजी, शूटिंग, जूडो, कबड्डी, टेनिस, टेबल टेनिस, वेटलिफ्टिंग, वॉलीबॉल, जिम्नास्टिक, तैराकी, साइकिलिंग, रोइंग, गोल्फ, क्रिकेट, स्क्वैश, वुशु और योगासन सहित अनेक खेल विधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा ब्रेक डांसिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, स्केटबोर्डिंग, रग्बी, सेपक टाकरा, कलारीपयट्टू, गतका और पेंचक सिलाट जैसी खेल विधाओं को भी संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की सूची के अनुसार शामिल किया गया है।
25 वर्ष तक के खिलाड़ी ही होंगे पात्र
खेलवृत्ति का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना आवश्यक है। आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
यदि किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में पदक हासिल किए हैं तो उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति की राशि तय की जाएगी। एकल और दलीय खेलों में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को पात्र माना जाएगा, जिन्होंने वास्तव में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया हो। इसके लिए संबंधित खेल संघ से प्रमाणित सहभागिता का विवरण प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन के साथ ये दस्तावेज लगाना अनिवार्य
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार आवेदन के साथ खिलाड़ियों को पदक एवं उपलब्धि प्रमाण-पत्र, संबंधित खेल संघ से सत्यापित राज्य का प्रतिनिधित्व करने का प्रमाण, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जन्मतिथि प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, स्वयं के नाम के बैंक खाते की पासबुक अथवा रद्द चेक की प्रति और पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करना होगा।
इसके अलावा आवेदन में व्यक्तिगत जानकारी, प्रतियोगिता का विवरण, खेल उपलब्धि, बैंक खाते की जानकारी और सभी जानकारियों की सत्यता से संबंधित घोषणा-पत्र देना अनिवार्य होगा।
30 नवंबर तक रायपुर में जमा करें आवेदन
इच्छुक खिलाड़ी अपना आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम परिसर स्थित खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर में जमा कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधूरे आवेदन, निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन अथवा योजना की शर्तें पूरी नहीं करने वाले आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। आवेदनों की जांच और स्वीकृति के लिए विभाग के संचालक सक्षम प्राधिकारी होंगे।
योजना से संबंधित आवेदन प्रपत्र और विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0771-2262177 और 0771-2262178 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा dir-sportsyw.cg@gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



