बस्तर संभाग

घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का खौफनाक अंत: पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर पति को सुलाया मौत की नींद , 24 घंटे में गिरफ्तार

शराब के नशे में पति करता था मारपीट, रोजाना की प्रताड़ना से परेशान होकर उठाया घातक कदम; न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई आरोपी महिला

मोहला-मानपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा की एक गंभीर घटना हत्या में तब्दील हो गई। शराब के नशे में आए दिन मारपीट और प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर पति की हत्या कर दी। वारदात खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान मालती बाई ने इसी दौरान आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। उसने पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना

घटना के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई खड़गांव थाने पहुंचीं और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस ने खून से सनी कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!