जेल से चार कैदियों के फरार होने के बाद बंदी की मौत, महासमुंद जिला जेल प्रशासन पर उठे सवाल

महासमुंद ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने जेल की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले जेल की दीवार फांदकर चार कैदियों के फरार होने और अब एक बंदी की मौत से जेल प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है, जो एनडीपीएस एक्ट के मामले में वर्ष 2023 से जेल में बंद था।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
जानकारी के अनुसार, जेल में बंद सैय्यद अशफाक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
सैय्यद अशफाक बिलासपुर के तिफरा स्थित यदु नंदन नगर का निवासी था। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
चार कैदी दीवार फांदकर हुए थे फरार
दरअसल, 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में बंद थे, जबकि चौथा कैदी पंचराम चोरी के आरोप में जेल में निरुद्ध था।
120 किलोमीटर दूर सरायपाली से पकड़ा गया पंचराम
जेल से फरार हुए चार कैदियों में शामिल पंचराम को महासमुंद पुलिस ने करीब 120 किलोमीटर दूर सरायपाली से गिरफ्तार कर लिया। वह छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर का निवासी है। बताया जा रहा है कि पंचराम पहले भी धमतरी और जांजगीर से फरार हो चुका है। इस बार जेल से भागने की घटना में उसे मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
एक ही जेल से कुछ ही दिनों के अंतराल में कैदियों के फरार होने और एक बंदी की मौत की घटना ने जेल की सुरक्षा, निगरानी और बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें मामले की जांच और संबंधित प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।



