बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवात बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, 20-21 नवंबर को दक्षिणी इलाकों में बारिश के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा अवदाब चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में 20 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 17 नवंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से 20 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में और 21 नवंबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग
रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान
राजधानी रायपुर में 17 नवंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल राजधानी में मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों में शुष्क रहा मौसम
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवात ‘अकवान’
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान तटीय क्षेत्रों में 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है। प्रदेश में बारिश को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर नजर बनी हुई है।



