रायपुर संभाग

सीएम विष्णुदेव साय से मिलेंगे तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी; भूपेश बघेल भी लौटेंगे रायपुर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार, 17 नवंबर को राजनीतिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियां जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे, वहीं तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचेंगे। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच समक्का सागर बैराज से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा प्रस्तावित है। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दिल्ली प्रवास के बाद रायपुर लौटेंगे। इसके अलावा प्रदेशभर के राजस्व निरीक्षक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव का आगाज होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे मुख्यमंत्री निवास से माना के लिए रवाना होंगे। शाम चार बजे माना स्थित जैनम मानस भवन पहुंचकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम शाम पांच बजे तक चलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री वापस सिविल लाइन स्थित अपने निवास लौटेंगे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी आएंगे छत्तीसगढ़

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। बैठक में समक्का सागर बैराज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें संभावित जलमग्नता की आशंकाओं, अंतरराज्यीय जल विवाद और बैराज के पूर्ण क्षमता से संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) से जुड़े विषय शामिल हैं। बैठक में तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

दिल्ली से लौटेंगे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह दिल्ली से रायपुर लौटेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 9:10 बजे उनका स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने का कार्यक्रम है। गौरतलब है कि भूपेश बघेल 16 नवंबर को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में शामिल हुए थे। इस अवसर पर उनकी पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का औपचारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित देश के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

राजस्व निरीक्षक आज सामूहिक अवकाश पर, जिला मुख्यालयों में सौंपेंगे ज्ञापन

प्रदेशभर के राजस्व निरीक्षक मंगलवार को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान सभी जिलों में राजस्व निरीक्षक जिला मुख्यालयों में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।

राजस्व निरीक्षकों की नाराजगी की प्रमुख वजह अतिरिक्त कार्यभार और संसाधनों की कमी बताई जा रही है। पटवारियों की हड़ताल के चलते उनके हिस्से के कई काम भी राजस्व निरीक्षकों को सौंपे जा रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे का अनुमोदन, पीवी ऐप के माध्यम से फसल सर्वे, एग्रीस्टेक किसान पंजीयन का अनुमोदन तथा आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों का सत्यापन शामिल है। छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ का कहना है कि अतिरिक्त संसाधन और आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराए बिना लगातार काम का दबाव बढ़ाया जा रहा है।

रविवि में आज से तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। मंगलवार सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में इसका उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में लेखक एवं केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सदस्य डॉ. यतींद्र मिश्रा और विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल करेंगे।

युवा उत्सव के पहले दिन नृत्य और ललित कला से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 18 नवंबर को संगीत, ललित कला और साहित्यिक प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 19 नवंबर को नाट्य एवं साहित्यिक विधाओं से संबंधित कार्यक्रमों के साथ उत्सव का समापन होगा।

छत्तीसगढ़ में आज से एक दिसंबर तक ऑडिट पखवाड़ा

कार्यालय प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), रायपुर की ओर से 17 नवंबर से एक दिसंबर तक ऑडिट पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य शासन के विभिन्न विभागों और महालेखाकार कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा प्रदेश के लेखों की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

इस आयोजन के अंतर्गत 26 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसका उद्घाटन वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। कार्यशाला 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक महालेखाकार आवासीय परिसर, रायपुर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित होगी। यह आयोजन भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!