मध्यप्रदेश

भूकंप के तेज झटके, 5 सेकंड तक कांपी धरती; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

सुबह 9:15 बजे महसूस हुए कंपन, IMD ने 4.5 तीव्रता की पुष्टि की; जैतापुर समेत कई इलाकों में मची अफरा-तफरी, फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

खरगोन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर अचानक धरती कांपने लगी। लगभग पांच सेकंड तक महसूस हुए कंपन से लोग घबरा गए और घरों तथा दफ्तरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके करीब 10 किलोमीटर के दायरे में महसूस किए गए।

जैतापुर समेत कई कॉलोनियों में महसूस हुए झटके

स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, भूकंप का कंपन काफी तेज था। खरगोन के जैतापुर क्षेत्र सहित शहर की कई कॉलोनियों में लोगों ने जमीन को हिलते महसूस किया। घरों के भीतर रखे सामान और पंखों में भी कंपन दिखाई दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोग कुछ देर के लिए सहम गए।

सड़कों और खुले मैदानों में जमा हुए लोग

करीब पांच सेकंड तक धरती में कंपन महसूस होने के बाद कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ घरों से बाहर निकल आए। एहतियात के तौर पर अनेक लोग काफी देर तक सड़कों और खुले मैदानों में खड़े रहे। भूकंप के बाद लोगों के बीच इसकी तीव्रता और दोबारा झटके आने की आशंका को लेकर चर्चा होती रही।

फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप के कारण खरगोन शहर और आसपास के क्षेत्रों में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भूकंप के केंद्र और अन्य तकनीकी विवरणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!