Blog

पांच साल तक पुलिस को चकमा देते रहे, आखिरकार गिरफ्त में आए हत्या के प्रयास के तीन आरोपी

मल्हार पुलिस की दबिश में पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार, पुराने मामलों के चार स्थाई वारंटों का भी हुआ निष्पादन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // पांच साल तक फरारी काट रहे हत्या के प्रयास और बलवा के तीन आरोपियों की तलाश आखिरकार पूरी हो गई। मल्हार पुलिस ने सिरगिट्टी इलाके में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में पिता और पुत्र भी शामिल हैं। इनके खिलाफ पुराने मामलों में चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ ही तामील कराया।

मामले की शुरुआत 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में हुई एक हिंसक घटना से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, ओमप्रकाश कुर्रे, उसके बेटे लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले सहित अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया था। मारपीट और बलवा की इस घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में मस्तूरी थाने में अपराध क्रमांक 94/2021 दर्ज किया गया था।

इस प्रकरण में नाम सामने आने के बाद से ही तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। लंबे समय से लंबित इस मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दोबारा अभियान तेज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में मल्हार पुलिस की टीम सक्रिय हुई। इसी दौरान मुखबिर से आरोपियों के सिरगिट्टी क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस ने बिना देर किए इलाके में घेराबंदी की और तीनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश कुर्रे (55), लव कुर्रे (30) और राजेश कुर्रे के रूप में हुई है। तीनों ग्राम बिनेका के रहने वाले हैं।

पुराने मामलों में भी पुलिस को थी तलाश

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से जुड़े मामलों में चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। लिहाजा हत्या के प्रयास और बलवा के प्रकरण में गिरफ्तारी के साथ ही इन वारंटों की भी तामिली की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!