मध्यप्रदेश में आज हलचल: दिल्ली-यूपी और उत्तराखंड दौरे पर CM मोहन यादव, भोपाल में VVIP जमावड़ा; अमूल दूध महंगा, कई इलाकों में बिजली कटौती

मुख्यमंत्री के दौरे से लेकर बिरसा मुंडा जयंती की तैयारियों तक कई अहम गतिविधियां, वोट चोरी और SIR पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन; इंदौर में आज से शुरू होगी IBSF विश्व स्नूकर चैंपियनशिप
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में गुरुवार, 12 नवंबर का दिन कई महत्वपूर्ण गतिविधियों के नाम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य बड़े नेता भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश में बिरसा मुंडा जयंती के राज्य स्तरीय आयोजनों की तैयारियां भी तेज हैं। वहीं, कांग्रेस वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रही है। आम लोगों के लिए अमूल दूध की बढ़ी कीमतें और भोपाल के कई इलाकों में बिजली कटौती भी आज चर्चा में रहेगी।
दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे उत्तर प्रदेश के बरेली, पीलीभीत और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 7 बजे तक भोपाल लौट आएंगे।
CM का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक उत्पादन इकाई का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा।
- सुबह 11:40 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन।
- दोपहर 12:45 बजे विमान से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- दोपहर 1:20 बजे बरेली से हेलीकॉप्टर द्वारा लोहिया हेड, खटीमा, ऊधम सिंह नगर पहुंचेंगे।
- दोपहर 3 बजे नगला तराई, खटीमा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- दोपहर 3:15 से 3:30 बजे के बीच साक्षी आश्रम, अमरीपुर टांडा, पीलीभीत पहुंचेंगे।
- शाम 5:20 बजे पीलीभीत से बरेली के लिए रवाना होंगे।
- शाम 6:55 बजे विमान से भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचेंगे।
बिरसा मुंडा जयंती पर चार जिलों में राज्य स्तरीय आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जबलपुर, धार, आलीराजपुर जिले के जोबट और खंडवा में राज्य स्तरीय आयोजन होंगे।
समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। 15 नवंबर को धार में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दिन धार में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके क्रियान्वयन का फीडबैक लेंगे। कार्यक्रम में पात्र पट्टेधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री कराई जाएगी। इसके साथ ही धार जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री डही माइक्रो लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी करेंगे।
भोपाल में आज VVIP मूवमेंट, कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचेंगे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आज भोपाल में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक नेता पहुंचेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी सहित कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
बड़ी संख्या में वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए भोपाल प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
वोट चोरी और SIR पर कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर मध्यप्रदेश कांग्रेस बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। पार्टी 25 नवंबर को ग्वालियर में प्रदेशव्यापी शक्ति प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेशभर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
एमपी कांग्रेस ग्वालियर से दिल्ली कूच करने की तैयारी कर रही है। आंदोलन में एक लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आंदोलन की कमान संभाली है।
तैयारियों को लेकर 14 से 17 नवंबर तक जोनवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। एआईसीसी ने मध्यप्रदेश के लिए 10 प्रभारी नियुक्त किए हैं, जो 13 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस ने भी 10 प्रभारियों की नियुक्ति की है, जिन्हें आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अमूल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी, आज से नई दरें लागू
मध्यप्रदेश में अमूल दूध के उपभोक्ताओं को अब अधिक कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने दूध के दाम में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर यानी आज से लागू हो गई हैं।
बढ़ी हुई कीमतों के मुताबिक:
- आधा लीटर अमूल दूध अब 35 रुपये की जगह 37 रुपये में मिलेगा।
- अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये हो गया है।
- अमूल फ्रेश की कीमत 57 रुपये से बढ़ाकर 59 रुपये कर दी गई है।
मध्यप्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की अच्छी खासी बिक्री होती है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
भोपाल के इन इलाकों में आज बिजली कटौती
राजधानी भोपाल में बिजली कंपनी द्वारा रखरखाव और अन्य कार्यों के चलते गुरुवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली बंद रहने का समय इस प्रकार है।
- सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक: जहांगीराबाद बाजार, सीआई कॉलोनी, फक्करखाना, बापू कॉलोनी, यूनानी शिफाखाना, कुम्हारपुरा और अहीरपुरा।
- सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक: अलकापुरी, साकेत नगर और बीडीए कॉम्प्लेक्स।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे तक: पन्ना नगर, देवकी नगर, कमला नगर, राजीव कॉलोनी, विवेकानंद कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड क्वार्टर, गैस राहत कॉलोनी, सिल्वर स्टेट और जैन कॉलोनी।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे तक: वर्धमान ग्रीन सिटी, अहिंसा विहार, झील नगर, भवानी धाम फेस-2, गीत बंगले, भवानी धाम, मौलाना आजाद कॉलोनी, प्रिंस कॉलोनी, संजय नगर, प्रभु नगर, नियामतपुरा और ईदगाह हिल्स।
- सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक: नरेला और हनुमंत ग्राम-2।
- सुबह 11 से शाम 4 बजे तक: मंडी बैरागढ़, संत कुंवर राम कॉलोनी, भैंसाखेड़ी, गौतम नगर, फिरदौस नगर और शीतल नगर।
इंदौर में आज से IBSF विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का आगाज
मध्यप्रदेश के इंदौर में आज से IBSF विश्व स्नूकर चैंपियनशिप शुरू होने जा रही है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 21 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें दुनिया के 30 से अधिक देशों के खिलाड़ी विश्व खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
प्रतियोगिता में भारत की 22 सदस्यीय टीम भी हिस्सा लेगी। भारतीय टीम में देश के दिग्गज स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी और महिला चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन भी शामिल हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से इंदौर को खेलों के वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिलेगा।



