Blog

बिजली विभाग की तीनों कंपनियों में होगी नियुक्ति, जूनियर इंजीनियर के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद; आज रात 8 बजे से खुलेगा ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल

छत्तीसगढ़ में 1,501 सरकारी नौकरियों का बड़ा मौका, 38 तरह के पदों पर भर्ती शुरू; 26 नवंबर तक करें आवेदन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बिजली विभाग ने रोजगार का बड़ा अवसर खोला है। राज्य की तीनों पावर कंपनियों में कुल 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शुरू की जा रही इस भर्ती प्रक्रिया के तहत तकनीकी, प्रशासनिक, चिकित्सा, सुरक्षा और मैदानी सेवाओं से जुड़े 38 प्रकार के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर 2026 की रात 8 बजे से शुरू होंगे। अभ्यर्थी 26 नवंबर की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

तीनों बिजली कंपनियों में बंटे हैं 1,501 पद

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी की ओर से 5 नवंबर को जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध कराया गया है। कुल पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती के जरिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में रिक्तियां भरी जाएंगी।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा पद

इस भर्ती में सबसे बड़ा अवसर डाटा एंट्री ऑपरेटर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए है। इस पद के कुल 609 रिक्त पद रखे गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन कंपनी में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 पद शामिल हैं।

वहीं, कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं।

सहायक अभियंता के 152 पद, कई तकनीकी विषयों में मौका

तकनीकी क्षेत्र में सहायक अभियंता के कुल 152 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें इलेक्ट्रिकल के 92, मैकेनिकल के 26, सिविल के 20, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2 और सूचना प्रौद्योगिकी के 2 पद शामिल हैं।

इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता के अन्य विषयों में भी अवसर हैं। मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस के 1, सूचना प्रौद्योगिकी के 1 और सिविल के 26 पदों पर भर्ती की जाएगी।

चिकित्सा से लेकर सुरक्षा और औद्योगिक क्षेत्र तक नियुक्तियां

भर्ती का दायरा केवल इंजीनियरिंग और कार्यालयीन पदों तक सीमित नहीं है। इसमें फायर ऑफिसर, सब फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा निरीक्षक, सुरक्षा उप निरीक्षक, शिफ्ट केमिस्ट, प्रोग्रामर, लेखा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और सहायक विधि अधिकारी के पद भी शामिल हैं।

इसके अलावा औद्योगिक संबंध, स्टेनोग्राफर, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, रेडियोग्राफर, ड्रेसर और ईसीजी तकनीशियन के पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। प्लांट अटेंडेंट ग्रेड-III के तहत फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड के अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा।

आवेदन की अंतिम तारीख और शुल्क जमा करने की समयसीमा

इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर की रात 8 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम समयसीमा 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक निर्धारित है। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।

छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए अहम शर्त

विज्ञापन के अनुसार, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। वहीं, तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को आवेदन के समय कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम देना होगा। चयन मेरिट, अभ्यर्थी की ओर से दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।

पहले भी जारी हुआ था विज्ञापन

पावर कंपनियों में भर्ती को लेकर इससे पहले 7 अगस्त 2026 को संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया गया था। बाद में 14 सितंबर को इसमें संशोधन किया गया। अब विस्तृत विज्ञापन जारी होने के साथ आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है।

अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन का अध्ययन जरूर करें। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, चयन प्रक्रिया और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी उसी विज्ञापन में दी गई है। अंतिम दिनों की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन करना बेहतर होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!