रायपुर संभाग

महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर सीएम साय का बयान, बोले- जल्द होंगे बड़े खुलासे

ओमान से भारत लाए गए मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को मुख्यमंत्री ने बताया बड़ी कामयाबी, सीबीआई और केंद्रीय जांच एजेंसियों को दी बधाई

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर को पकड़ने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) लगातार प्रयास कर रही थी। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई के लिए सीबीआई और सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों को बधाई दी है।

सीएम साय ने केंद्रीय एजेंसियों की सराहना की

मुख्यमंत्री साय ने सोमवार सुबह रायपुर विमानतल पर मीडिया से चर्चा के दौरान यह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जांच एजेंसियों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे की जांच में इस पूरे मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आएंगे।

महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच सीबीआई कर रही है। राज्य सरकार की ओर से इस प्रकरण से संबंधित 13 प्राथमिकी जांच के लिए सीबीआई को सौंपी गई थीं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की है।

इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में पकड़ा गया

सीबीआई की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर ओमान में उसकी तलाश की गई और रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।

इसके बाद सीबीआई और ईडी ने उसके खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के साथ ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो और ओमान के संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने पर सीबीआई की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।

विशेष सीबीआई अदालत में पेशी की तैयारी

सीबीआई के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की चिकित्सकीय जांच कराई गई। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे रायपुर लाया जाना है। उसे 2 नवंबर को रायपुर स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किए जाने की जानकारी दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!