Blog

छत्तीसगढ़ में EOW का बड़ा एक्शन: शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटाले में 6 जिलों के 16 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी

रायपुर से बिलासपुर और कोरबा तक पहुंची जांच एजेंसी की टीम, दस्तावेज, संपत्तियों की रजिस्ट्री और डिजिटल उपकरण खंगाले; तीनों मामलों में जांच तेज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों के खिलाफ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की अलग-अलग टीमों ने शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और मेडिकल घोटाले से जुड़े मामलों में प्रदेश के छह जिलों के 16 ठिकानों पर एकसाथ तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से संबंधित मामलों में जांच का दायरा और व्यापक हो गया है।

EOW की टीमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा और गरियाबंद में पहुंचीं। तलाशी के दौरान जांच अधिकारियों ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, संपत्तियों की रजिस्ट्री के कागजात, डिजिटल उपकरण तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

शराब घोटाला : रायपुर और राजनांदगांव के 6 ठिकानों पर तलाशी

शराब घोटाले से संबंधित अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत EOW ने रायपुर और राजनांदगांव जिलों में कुल छह स्थानों पर तलाशी ली। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। जांच टीम ने संबंधित वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की।

कोल लेवी घोटाला : चार जिलों में 6 स्थानों पर कार्रवाई

कोल लेवी घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत ब्यूरो ने कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिलों में छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और वित्तीय गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड को जांच के दायरे में लिया गया है।

मेडिकल घोटाला : रायपुर और गरियाबंद में 4 ठिकानों पर छापेमारी

मेडिकल घोटाले से संबंधित अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत रायपुर और गरियाबंद जिलों के कुल चार स्थानों पर तलाशी की गई। इस मामले में भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है। जांच एजेंसी ने यहां से भी मामले से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच, आगे भी हो सकती है कार्रवाई

EOW के अनुसार, तलाशी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, संपत्तियों की रजिस्ट्री के कागजात और डिजिटल उपकरणों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। जांच एजेंसी इन साक्ष्यों के माध्यम से संबंधित मामलों में वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और उनके विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छह जिलों में हुई इस व्यापक तलाशी के बाद जांच एजेंसी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!