पॉवर हाउस फ्लाईओवर से गिरकर 21 वर्षीय युवती की मौत, मिर्गी का चल रहा था इलाज; दूसरे हादसे में ई-रिक्शा चालक ने गंवाई जान

भिलाई में युवती की मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस, दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवती और ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। पहली घटना में खुर्सीपार निवासी 21 वर्षीय पूनम अहिरवार की पॉवर हाउस फ्लाईओवर से नीचे गिरने के कारण जान चली गई। वह घर से टहलने जाने की बात कहकर निकली थी। युवती का एम्स में मिर्गी का इलाज चल रहा था। हालांकि, वह फ्लाईओवर से कैसे गिरी और घटना के समय उसे मिर्गी का दौरा पड़ा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
टहलने निकली युवती की फ्लाईओवर से गिरकर मौत
जानकारी के अनुसार, पूनम अहिरवार बुधवार सुबह अपने पिता को टहलने जाने की बात बताकर घर से निकली थी। इसी दौरान छावनी थाना क्षेत्र के पॉवर हाउस फ्लाईओवर पर वह नीचे गिर गई। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि पूनम लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और परिवार उसका उपचार एम्स अस्पताल में करा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
फिलहाल युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना थी या युवती ने जानबूझकर छलांग लगाई थी। केवल मिर्गी की बीमारी के आधार पर घटना का कारण तय नहीं किया जा सकता।
दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर बस और ई-रिक्शा की भिड़ंत
दूसरी घटना दुर्ग-धमधा ओवरब्रिज पर हुई, जहां दुर्ग से बेमेतरा जा रही नवीन बस सर्विस की यात्री बस सामने से आ रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। आमने-सामने की भिड़ंत इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ने ई-रिक्शा चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर टाली नहीं जा सकी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत ई-रिक्शा चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी में उसके नशे में होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



