‘एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकुटा जाबे’, रिश्वतखोरों को डिप्टी सीएम विजय शर्मा की चेतावनी

लोहारा में एसडीएम कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में किसानों से रिश्वत मांगने वालों पर कार्रवाई की बात कही; बोले—काम के लिए किसी अधिकारी-कर्मचारी को पैसे देने की जरूरत नहीं
कवर्धा ( शिखर दर्शन ) //
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी दी है। कबीरधाम जिले के लोहारा में एसडीएम कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संबंधी कामों के लिए किसानों से पैसे मांगने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनका छत्तीसगढ़ी में दिया गया बयान—“एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकुटा जाबे”—अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
धान खरीदी से जुड़ी शिकायत के बाद कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, लोहारा में धान खरीदी से जुड़े एक मामले में किसानों ने शिकायत की थी। शिकायत सामने आने के बाद उप मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे बातचीत की। इसके बाद संबंधित पटवारी के निलंबन की कार्रवाई की गई।
पटवारी संघ के सवाल पर उप मुख्यमंत्री का जवाब
पटवारी के निलंबन के बाद पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने भी उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कार्रवाई पर सवाल उठाए। इस पर विजय शर्मा ने कहा कि यदि कोई पटवारी अपना काम नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों के काम समय पर और नियमानुसार करने पर जोर दिया।
रिश्वत मांगे तो सीधे करें शिकायत
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी सरकारी काम के लिए अधिकारी या कर्मचारी को रिश्वत देने के लिए मजबूर न हों। यदि कोई काम के बदले पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत सीधे उनसे करें।
बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में
कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी और जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब यह देखना होगा कि उप मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद शिकायतों पर कार्रवाई और सरकारी कामकाज की निगरानी किस तरह आगे बढ़ती है।



