छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, किराएदार परिवार के मकान मालिक पर गंभीर आरोप; पुलिस ने किया हिरासत में
परिजनों ने पहले भी गलत हरकत की कोशिश का लगाया आरोप, घटना के बाद तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए; मेडिकल जांच के बाद खुला मामला

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // शहर खुर्सीपार थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ आरोपी के मकान में किराए से रहती थी। परिजनों ने 45 वर्षीय मकान मालिक पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) //
पहले भी गलत हरकत की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मकान मालिक की बच्ची पर लंबे समय से गलत नजर थी। परिवार का दावा है कि आरोपी ने पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका।
2 अक्टूबर को वारदात का आरोप
परिजनों के हवाले से पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2 अक्टूबर को आरोपी ने मौका पाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकीय जांच के दौरान बच्ची के यौन शोषण की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों को घटना का पता चला। इसके बाद परिवार ने खुर्सीपार थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी हिरासत में, साक्ष्य जुटा रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 3 अक्टूबर को आरोपी मकान मालिक को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर न हो, इसलिए उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।


