आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, परिवार के 6 लोगों को किया घायल; 3 गंभीर, कमरे में बंद कर बचाई जान

महासमुंद ( शिखर दर्शन ) // जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात एक तेंदुए के घर में घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने घर में मौजूद परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार के सदस्यों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई।
बाथरूम जाने निकली महिला का तेंदुए से हुआ सामना
परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान करीब डेढ़ बजे उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर हमला किया और फिर घर के अंदर घुस गया।
इसके बाद तेंदुए ने घर में मौजूद अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
छह लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई गई है, जबकि मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रायपुर रेफर किया गया है।
जान बचाने के लिए तेंदुए को कमरे में किया बंद
तेंदुए के हमले के बीच परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं हारी। जनक यादव, उत्तरी बाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में करीब 10 सदस्य मौजूद थे। तेंदुए के कमरे में बंद होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और वन विभाग को सूचना दी।
रायपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है।
वहीं, घर के कमरे में बंद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है। फिलहाल टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने में जुटी हुई है।



