तारबाहर में युवती को सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, ऑटो चालक गिरफ्तार

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // तारबाहर थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को जबरदस्ती ऑटो में बैठाया और रेलवे डिपो के गेट नंबर-03 के पास ले जाकर डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया ।
कुंदन पैलेस जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी युवती
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को युवती नीले रंग के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो क्रमांक CG 10 BU 9563 में सवार होकर कुंदन पैलेस जा रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक करन दरभे ने उसे अपने झांसे में लिया और जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एफसीआई चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर-03 के पास सुनसान स्थान पर ले गया।
डराने-धमकाने के बाद दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के मुताबिक सुनसान स्थान पर आरोपी ने युवती को डराया-धमकाया और उसका मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती की शिकायत पर तारबाहर थाने में धारा 64, 138 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार टीम को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
मोबाइल जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन दरभे, पिता जवाहर सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी रामाग्रीन सिटी के आगे खमतराई, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला संबंधी अपराध की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया गया।


