Blog

21 साल बाद MP की सड़कों पर लौटेंगी सरकारी बसें, CM मोहन यादव आज करेंगे 351 बसों को रवाना; भोपाल में गणपति विसर्जन की भी तैयारी

भोपाल, इंदौर समेत 7 शहरों से शुरू होगी सुगम परिवहन सेवा, 2 रुपये प्रति किलोमीटर होगा किराया; दिनभर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में करीब 21 साल बाद सरकारी बस सेवा की फिर शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 351 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे। नई बस सेवा के पहले चरण में प्रदेश के सात शहरों को शामिल किया गया है।

सात शहरों में शुरू होगी बस सेवा

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के पहले चरण में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड में बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। शहरवार बसों की संख्या इस प्रकार है—

  • इंदौर — 145 बसें
  • भोपाल — 106 बसें
  • जबलपुर — 67 बसें
  • रीवा — 18 बसें
  • देवास — 10 बसें
  • कटनी — 3 बसें
  • भिंड — 2 बसें

सरकार ने बस सेवा का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया है। आने वाले समय में बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। शुरुआती तौर पर बेड़े में 2500 से 3000 बसें जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि दीर्घकालीन योजना में 15 हजार बसों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सीसीटीवी और पैनिक बटन से लैस होंगी बसें

नई बसों में यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्ध संचालन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आपात स्थिति में मदद के लिए पैनिक बटन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

भोपाल में रूप कुमारी चौधरी का दौरा

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी भी शुक्रवार को भोपाल के दौरे पर रहेंगी। वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुरू होने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के शुभारंभ में शामिल होंगी।

सुबह 8 बजे गोविंदपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे रूप कुमारी चौधरी भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी, जहां महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी।

अनंत चतुर्दशी पर गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भोपाल में गणपति बप्पा की विदाई के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शाम 7 बजे भारत टॉकीज से मुख्य गणेश विसर्जन चल समारोह शुरू होगा। शहर के सात घाटों पर करीब 10 हजार गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है।

विसर्जन को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 20 से अधिक स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। सुबह 8 बजे से भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कर दी गई है, जो अगले आदेश तक जारी रहेगी। भारी वाहनों को वैकल्पिक बायपास मार्ग से निकाला जाएगा।

बड़ी प्रतिमाओं के लिए अलग रूट

चार मीटर से अधिक चौड़ी ट्रॉली वाली बड़ी गणेश प्रतिमाओं के लिए प्रशासन ने अलग मार्ग निर्धारित किया है। इन प्रतिमाओं की ट्रॉलियां रोशनपुरा, माता मंदिर, पीएंडटी, भारत माता और मैनिट होते हुए भदभदा एवं प्रेमपुरा घाट की ओर जाएंगी।

शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज क्षेत्र में सिटी बस एवं मैजिक वाहनों का संचालन बंद रहेगा। वहीं शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास तथा बस स्टैंड की ओर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।

आज ऐसा रहेगा CM मोहन यादव का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ नेशनल हाईवे परियोजनाओं की समीक्षा बैठक होगी।

इसके बाद दोपहर 12 बजे दोनों नेता भेल दशहरा मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री सिंगरौली में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!