रायपुर संभाग

CM साय का आज व्यस्त दौरा, मुंगेली में ‘आंगन मिलन सेवा’ और हेल्थ कैंप में होंगे शामिल; 436 पदों पर रोजगार मेला

रायपुर से मुंगेली तक कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा, गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रायपुर और मुंगेली में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह रायपुर में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुंगेली के मदकू द्वीप पहुंचेंगे। यहां मंदिर दर्शन के साथ ‘आंगन मिलन सेवा एवं मेगा हेल्थ कैंप’ में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद रायपुर लौटकर पदयात्रा सप्ताह के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

सुबह रायपुर से मुंगेली के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय सुबह 10:30 बजे रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचेंगे। यहां करीब एक घंटे के कार्यक्रम के बाद वे 11:30 बजे रायपुर से मुंगेली के लिए रवाना होंगे। हेलीकॉप्टर से मदकू द्वीप पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे से करीब 2:50 बजे तक वहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इस दौरान वे मंदिर में दर्शन करेंगे और ‘आंगन मिलन सेवा एवं मेगा हेल्थ कैंप’ में हिस्सा लेंगे। साथ ही क्षेत्र में किए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे।

तेलीबांधा में पदयात्रा सप्ताह कार्यक्रम

मुंगेली दौरे के बाद मुख्यमंत्री करीब 3:30 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा तेलीबांधा के लिए रवाना होंगे। तेलीबांधा में आयोजित पदयात्रा सप्ताह के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 4:45 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

आंगनबाड़ी केंद्रों में आज से ‘आंगन मिलन सेवा’

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में माताओं, बच्चों और समुदाय के लोगों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

निर्धारित तिथि पर प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कार्यक्रम होगा। इस दौरान ‘मेरी पौष्टिक थाली’ के साथ पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

436 पदों के लिए आज रोजगार मेला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही // जिले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई परिसर, नया टोला, मरवाही में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां कुल 436 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इनमें इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिक टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, कलेक्शन ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, मार्केटिंग और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित बैंकिंग एवं बीमा क्षेत्र के पद शामिल हैं।

इस रोजगार मेले में 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन और स्नातक सहित निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ शासन की रोजगार वेबसाइट के माध्यम से भी रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

रायपुर में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू

रायपुर // राजधानी में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। नदी और तालाबों में प्रतिमा विसर्जन पर रोक लगाते हुए शहर के सभी 10 जोन में अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार किए गए हैं।

महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में देर रात तक 442 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था। इनमें 368 छोटी और 74 बड़ी प्रतिमाएं शामिल हैं। श्रद्धालु हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के बाद विधि-विधान से गणपति बप्पा को विदाई दे रहे हैं।

प्रतिमा विसर्जन के लिए सुबह 6:11 बजे से रात तक अलग-अलग शुभ मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं से निर्धारित अस्थायी विसर्जन कुंडों में ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की अपील की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!