रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, अगले पांच दिन कई इलाकों में भारी बारिश के आसार

30 अगस्त से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां, बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र बनेगा वजह

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में अगस्त के आखिरी दिनों के साथ मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अब बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 30 अगस्त से प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश शुरू हो सकती है, जिसका असर 3 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है।

रायपुर में बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 29 अगस्त को शंकरगढ़ में सर्वाधिक 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 4 सेंटीमीटर और करतला में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगांव, कुसमी और छाल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा महासमुंद, पोंडी बचरा, कोरबा, भैसमा, मरीं बंगला देवरी, लाल बहादुर नगर, सोनहत, माना-रायपुर-एपी, राजपुर और बैकुंठपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!