रायपुर संभाग

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं रूपकुमारी चौधरी, रायपुर से बसना तक हुआ भव्य स्वागत

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलना भाजपा की विशेषता

महासमुंद/पिथौरा ( शिखर दर्शन ) // महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। राजधानी रायपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय और फिर गृह क्षेत्र बसना तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।

रायपुर से बसना तक कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

रायपुर से महासमुंद जिले में प्रवेश करने के बाद घोड़ारी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद रूपकुमारी चौधरी का स्वागत किया। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। जगह-जगह आतिशबाजी, पुष्पहार और जयघोष के बीच उनका अभिनंदन किया गया।

बसना पहुंचने तक स्वागत का यह सिलसिला जारी रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया।

पंचायत से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर

मीडिया से बातचीत में रूपकुमारी चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता उसका कार्यकर्ता आधारित संगठन है। यहां सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से राजनीतिक यात्रा शुरू कर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचना इसी कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण है।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

रूपकुमारी चौधरी ने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के एक कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि वह छत्तीसगढ़ से भाजपा महिला मोर्चा की तीसरी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

महिलाओं के सम्मान और अवसर को बताया प्राथमिकता

महिलाओं के लिए अपनी प्राथमिकताओं पर रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में लगातार काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की भागीदारी समाज के लगभग हर क्षेत्र में बढ़ी है। संगठन के माध्यम से आने वाले समय में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं के स्वागत से भावुक हुईं रूपकुमारी

रायपुर से बसना तक हुए स्वागत को रूपकुमारी चौधरी ने भावुक कर देने वाला क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा और दुर्ग से बिलासपुर तक प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, उसके लिए वह भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की बहनों की आभारी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!