Blog

पूर्व CSP पर 10 हजार का इनाम, नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज की अग्रिम जमानत खारिज !

10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित, पुलिस और एसआईटी की तलाश तेज; कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राहत देने से किया इनकार

कटनी ( शिखर दर्शन ) // बेशकीमती जमीन की कथित अवैध खरीदी-बिक्री से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में फरार चल रही पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एसआईटी की सिफारिश पर पुलिस ने नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज और महरुख अहमद की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, जिला न्यायालय कटनी ने पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

तीनों आरोपी लगातार फरार

कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार कुठला थाने में बेशकीमती जमीन की अवैध खरीदी-बिक्री से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसआईटी लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

कोर्ट से भी नहीं मिली राहत

आरोपियों की ओर से 22 अगस्त 2026 को जिला न्यायालय कटनी में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। बचाव पक्ष की ओर से सुनवाई के दौरान विभिन्न दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए।

मामले की गंभीरता और उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने के बाद जिला न्यायालय के विशेष न्यायाधीश ने पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी। इससे दोनों आरोपियों को न्यायालय से तत्काल राहत नहीं मिल सकी।

कौन हैं नेहा पच्चीसिया ?

नेहा पच्चीसिया राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी हैं और कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर रह चुकी हैं। कुठला थाना क्षेत्र की बेशकीमती जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े में उनका नाम सामने आने के बाद उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

पूर्व सीएसपी की तलाश में जुटी एसआईटी

मामले में नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज और महरुख अहमद भी आरोपी बनाए गए हैं। तीनों के फरार होने के कारण पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जमीन से जुड़े पूरे मामले में उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!