राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ की खेल विरासत को मिला सम्मान, सीएम साय ने किया ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन

खेल विभूतियों के संघर्ष और उपलब्धियों पर लगी फोटो प्रदर्शनी का किया अवलोकन, नई पीढ़ी को प्रेरणा देने वाली पहल की सराहना

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की खेल विरासत को समर्पित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के खेल जगत की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।
खेल विभूतियों के संघर्ष और योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के खेल जगत से जुड़ी विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और योगदान को दर्शाने वाले छायाचित्रों एवं जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के गौरवशाली खेल इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।
प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित अनेक खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रदर्शित किया गया। वीर हनुमान सिंह की खेल साधना और खेल जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को भी विशेष रूप से स्थान दिया गया।
संघर्ष से सफलता तक का सफर दिखाया
फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के संघर्ष से लेकर सफलता तक के सफर को छायाचित्रों और जानकारियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ उनके जीवन के प्रेरक प्रसंगों को भी शामिल किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी खेलों के प्रति प्रेरित हो और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित हो सके।
‘हमारे खिलाड़ी’ में दर्ज होगी छत्तीसगढ़ की खेल गाथा
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया। पुस्तक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक छायाचित्रों के साथ संकलित किया गया है।
यह पुस्तक प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सुरक्षित रखने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
खेल एवं जनसंपर्क विभाग ने तैयार की प्रदर्शनी और पुस्तक
फोटो प्रदर्शनी और ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इसके जरिए प्रदेश के खेल इतिहास, खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू एवं सुनील सोनी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।




