आज मध्यप्रदेश में कई अहम गतिविधियां, बालाघाट जाएंगे सीएम मोहन; दिल्ली दौरे के साथ भोपाल में कर छूट का मौका

बैगा परिवारों से मिलेंगे मुख्यमंत्री, छिंदवाड़ा में भुजलिया उत्सव; कल ग्वालियर में होगी नीट पीजी परीक्षा
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज कई महत्वपूर्ण गतिविधियां रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट के बैगा बहुल कोरका गांव का दौरा कर बीमार परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे लांजी के कार्यक्रम में शामिल होकर नई दिल्ली रवाना होंगे और बाद में छतरपुर पहुंचेंगे। इधर भोपाल में संपत्ति कर जमा करने वालों को तीन दिन तक छह प्रतिशत की छूट मिलेगी। छिंदवाड़ा में भुजलिया उत्सव और ग्वालियर में नीट पीजी परीक्षा को लेकर भी तैयारियां पूरी हैं।
बैगा बहुल कोरका गांव जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बालाघाट जिले के बैगा बहुल गांव कोरका पहुंचेंगे। यहां वे बीमार बैगा परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी लेंगे। इसके बाद लांजी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कोरका सहित आसपास के गांवों में मलेरिया, खसरा संक्रमण और पोषण संबंधी समस्याओं से कई बच्चों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है। ग्राम पंचायत अडोरी, घुम्मुर और मछूरदा के अंतर्गत आने वाले 11 से अधिक गांव प्रभावित बताए जा रहे हैं। इससे पहले मंत्री राजेंद्र शुक्ल और कुंवर विजय शाह भी क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सुबह 8:40 बजे इंदौर से वायुयान के जरिए रवाना होकर 9:50 बजे बिरसी-गोंदिया हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से सुबह 10 बजे लांजी के लिए रवाना होंगे।
सुबह 10:30 बजे लांजी से कोरका के लिए प्रस्थान करेंगे और 11:20 बजे कोरका पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:20 बजे कोरका से लांजी लौटेंगे।
लांजी में कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:25 बजे हेलीकॉप्टर से बिरसी-गोंदिया हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:45 बजे वहां से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। दिल्ली के बाद उनका छतरपुर जाने का कार्यक्रम है, जहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर रात्रि विश्राम करेंगे।
भोपाल में संपत्ति कर पर छह प्रतिशत छूट
भोपाल के लोगों के लिए संपत्ति कर जमा करने का मौका है। तीन दिनों तक संपत्ति कर पर छह प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। छुट्टी के दिनों में भी वार्ड कार्यालय खुले रहेंगे।
लोग किसी भी वार्ड कार्यालय में पहुंचकर संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम की ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से भी कर जमा कर छूट का लाभ लिया जा सकता है।
छिंदवाड़ा में आज भुजलिया उत्सव
छिंदवाड़ा जिले में आज भुजलिया उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें शस्त्र कला का प्रदर्शन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। चंद्रावली द्वारा रक्षासूत्र बांधने के साथ तोपों की सलामी भी दी जाएगी।
कल ग्वालियर में नीट पीजी परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से नीट पीजी परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार, 30 अगस्त को किया जाएगा। ग्वालियर में इसके लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
मुरार के यमुनानगर स्थित भारतीय विद्या मंदिर और बड़ागांव स्थित आईओएन डिजिटल जोन में परीक्षा होगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे से परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।



