दोस्तों से लगी तैराकी की शर्त बनी जानलेवा, ब्लू वाटर में गहरे पानी में डूबा 24 वर्षीय युवक; अंधेरा होने पर रोकना पड़ा तलाशी अभियान , सुबह फिर शुरू होगी तलाश…

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने की शर्त लगी थी। इसी दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन रात होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। अब गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे युवक की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।
दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था आदिल
जानकारी के अनुसार मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, उम्र करीब 24 वर्ष, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था।
इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगाई। कुछ दूरी तक तैरने के बाद आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
अंधेरा होने के बाद रोकना पड़ा तलाशी अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ को सूचना देकर टीम को बुलाया।

एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन ब्लू वाटर में पानी की गहराई और रात के अंधेरे के कारण तलाशी अभियान चलाना जोखिम भरा हो गया। इसके बाद अभियान रोक दिया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करने की बात कही है।
पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




