नाबालिग से दुष्कर्म के बाद नवजात की बिक्री का मामला, पंखाजूर के व्यक्ति से बच्चा सकुशल बरामद; फर्जी आधार बनाने वाली महिला भी गिरफ्तार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने और नवजात शिशु को बेचने के गंभीर मामले में रायपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने पंखाजूर के एक व्यक्ति के कब्जे से नवजात को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की सुरक्षा और देखभाल को देखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा गया है।
नवजात को पंखाजूर के व्यक्ति को बेचा गया था
पुलिस के अनुसार, मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान नवजात को बेचने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग पीड़िता के नवजात शिशु को पंखाजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बेचा गया था।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर सुब्रत बिश्वास की पतासाजी की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने नवजात को खरीदना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़िता की उम्र ज्यादा दिखाने बनाया गया फर्जी आधार कार्ड
जांच के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक पूनम सागरिया, निवासी रायपुर ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। आरोप है कि फर्जी आधार में पीड़िता की वास्तविक उम्र से अधिक उम्र दर्शाई गई थी।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर पूनम सागरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने मोबाइल फोन के जरिए पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नवजात को मातृछाया संस्था में रखा गया
नवजात को सकुशल बरामद करने के बाद उसकी सुरक्षा और समुचित देखभाल को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उसे मातृछाया संस्था, रायपुर के सुपुर्द किया है। फिलहाल बच्चे की देखभाल संस्था में की जा रही है।
दो मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल मामले से जुड़ी गतिविधियों में किया गया था। जब्त मोबाइल और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पहले 6 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 289/2026 में पुलिस पहले ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सुब्रत बिश्वास और पूनम सागरिया की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 8 हो गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सामने आए तथ्यों, जब्त मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इन दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
सुब्रत बिश्वास, उम्र 32 वर्ष, निवासी प्रेम नगर कापसी, थाना पखांजूर, जिला कांकेर।
पूनम सागरिया, निवासी कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
थाना न्यू राजेंद्र नगर के अपराध क्रमांक 289/2026 में बीएनएस की धारा 64(2)(एफ), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89, 3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(एन), 6 तथा जे.जे. एक्ट की धारा 81 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है और प्रकरण में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



