बाढ़ का कहर: महानदी के बीच रिसॉर्ट में फंसे 24 लोगों का सफल रेस्क्यू, होमगार्ड-पुलिस ने सुरक्षित निकाला

महानदी का जलस्तर बढ़ने से चारों ओर घिर गया था रिसॉर्ट, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) // जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ पूरी तरह पानी से घिर गया। रिसॉर्ट में मौजूद 24 पर्यटक, कर्मचारी और स्थानीय लोग बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलते ही नगर सेना (होमगार्ड), पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लगातार वर्षा के कारण महानदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से रिसॉर्ट का संपर्क मुख्य मार्ग से पूरी तरह कट गया। चारों ओर पानी भर जाने के कारण वहां मौजूद लोग सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच पा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
नावों की मदद से सुरक्षित निकाले गए सभी लोग

नगर सेना के जवानों ने नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों की सहायता से महिलाओं, बच्चों, पर्यटकों, रिसॉर्ट कर्मचारियों तथा अन्य फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित रिसॉर्ट में बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी है।




