सीएम साय की अहम समीक्षा बैठक, मीटर रीडरों का प्रदर्शन, अतिथि शिक्षकों के लिए अंतिम मौका, आईजीकेवी के सेवानिवृत्त शिक्षक आंदोलन पर

प्रदेशभर में आज प्रशासनिक बैठकों, कर्मचारी आंदोलनों और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर रहेगी नजर
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में सोमवार का दिन प्रशासनिक गतिविधियों, कर्मचारी संगठनों के आंदोलनों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की समीक्षा करेंगे, वहीं विद्युत मीटर रीडर, अतिथि शिक्षक और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सक्रिय रहेंगे।
मुख्यमंत्री लेंगे जिला पंचायत सीईओ की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे नवा रायपुर स्थित एसआईआरडी परिसर पहुंचकर प्रदेश के सभी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में पंचायतों की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री मंत्रालय पहुंचकर विभिन्न प्रशासनिक बैठकों एवं कार्यालयीन कार्यों में हिस्सा लेंगे।
विद्युत मीटर रीडरों का एक दिवसीय प्रदर्शन
विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के मीटर रीडर आज पावर कंपनी मुख्यालय, डंगनिया में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ का कहना है कि स्मार्ट मीटर, ऑटो पंचिंग और प्रीपेड प्रणाली लागू होने से हजारों मीटर रीडरों का रोजगार संकट में पड़ गया है।
संघ ने रोजगार सुरक्षा, लंबित मानदेय का भुगतान, पूरे प्रदेश में समान कार्य एवं समान भुगतान नीति लागू करने तथा वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध होने तक प्रीपेड व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग की है।
ई-20 ईंधन पर जनजागरूकता अभियान की मांग
छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने ई-20 ईंधन नीति को लेकर आम वाहन मालिकों में व्याप्त भ्रम दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि वाहन मालिकों को यह स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए कि ई-20 ईंधन उनके वाहन के लिए उपयुक्त है या नहीं तथा इसका माइलेज और रखरखाव पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
अतिथि शिक्षकों के लिए आज अंतिम अवसर
हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों के लिए आज ड्यूटी पर लौटने का अंतिम दिन है। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले अतिथि शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
आईजीकेवी के सेवानिवृत्त शिक्षक आज से आंदोलन पर
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर, वैज्ञानिक और कर्मचारी लंबित पेंशन प्रकरणों के विरोध में आज से विश्वविद्यालय परिसर में क्रमिक शांतिपूर्ण धरना शुरू करेंगे।
संघ का आरोप है कि अप्रैल 2024 से सेवानिवृत्त हुए करीब 40 शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों के पेंशन प्रकरण अब तक लंबित हैं। इसके कारण उन्हें नियमित पेंशन, महंगाई राहत और अन्य देयकों का भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
पेंशन भुगतान तक जारी रहेगा आंदोलन
सेवानिवृत्त शिक्षक संघ का कहना है कि संबंधित प्रकरणों में किसी प्रकार की विभागीय या सतर्कता जांच लंबित नहीं है, इसके बावजूद पेंशन आदेश जारी नहीं किए जा रहे हैं। कई स्तरों पर ज्ञापन और पत्राचार के बाद भी समाधान नहीं निकलने के कारण अब आंदोलन का निर्णय लिया गया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि सभी लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण, पेंशन भुगतान आदेश जारी होने तथा अन्य देयकों के भुगतान तक आंदोलन जारी रहेगा।



