जमीन के लेनदेन को लेकर हुआ खूनी विवाद, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये के लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन के हिसाब-किताब को लेकर बातचीत के लिए बुलाए गए एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बातचीत के लिए बुलाकर रची गई हमले की साजिश
पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-53 स्थित देवभूमि परिसर में नरेंद्र सिंह को करीब चार करोड़ रुपये के लेनदेन और जमीन संबंधी हिसाब-किताब पर चर्चा के लिए बुलाया गया था। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद वहां मौजूद आरोपियों ने कथित रूप से नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान मुख्य आरोपी विजय मेनन ने नरेंद्र सिंह पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल नरेंद्र सिंह मौके पर ही गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर वहां से फरार होने लगे। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
गंभीर हालत में रायपुर रेफर, आईसीयू में उपचार जारी
घटना के तुरंत बाद घायल नरेंद्र सिंह को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका आईसीयू में उपचार जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मुख्य साजिशकर्ता सहित अन्य आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देवभूमि परिसर के संचालक और नरेंद्र सिंह के साझेदार बताए जा रहे राजेश सिंह ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया था। घटना के बाद राजेश सिंह सहित एक अन्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि लेनदेन के पूरे विवाद, हमले की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



