Blog

नीट पेपर लीक पर मोदी सरकार के कड़े फैसलों के बाद भाजपा का विपक्ष पर पलटवार, बोली— ‘भारत विरोधी राजनीति का चेहरा हुआ बेनकाब’

भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह का आरोप— युवाओं के भविष्य पर राजनीति कर रहा था विपक्ष, सरकार ने समाधान देकर दिया जवाब

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ने नीट पेपर लीक प्रकरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित कड़े और निर्णायक कदमों तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के घटनाक्रम को विपक्ष की राजनीति पर बड़ा राजनीतिक संदेश बताते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने विपक्ष के उस राजनीतिक एजेंडे को उजागर कर दिया है, जिसका उद्देश्य समस्या का समाधान नहीं बल्कि देश में भ्रम, असंतोष और अराजकता का माहौल तैयार करना था।


सरकार के फैसलों को बताया ऐतिहासिक:


दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए त्वरित और ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उनके अनुसार सरकार ने नीट पेपर लीक जैसे मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की दिशा में पहल की है। साथ ही दोषियों के लिए पांच से दस वर्ष तक के कठोर कारावास, सख्त जमानत प्रावधान तथा अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और उन्हें बंद करने जैसे प्रावधानों वाला कानून तैयार किया जा रहा है।


सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त होने का किया उल्लेख:


भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के सकारात्मक और संवेदनशील रुख के बाद केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने भी सरकार पर विश्वास जताते हुए अपना अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार छात्रों, युवाओं और देश के भविष्य को लेकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


विपक्ष पर साधा तीखा निशाना:


दीपक सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने छात्रों की भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य न्याय सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाकर देश में अस्थिरता और असंतोष फैलाना था। सरकार के निर्णायक कदमों के बाद विपक्ष का वास्तविक चेहरा देश के सामने आ गया है।
युवाओं के हितों की रक्षा का दावा
उन्होंने कहा कि देश का युवा जागरूक है और वह भली-भांति समझता है कि कौन उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कार्य कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक लाभ के लिए उसके मुद्दों का उपयोग कर रहा है। भाजपा सरकार प्रत्येक प्रतिभाशाली छात्र के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है तथा परीक्षा प्रणाली से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!