रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में आज सियासी हलचल, विधानसभा के अंतिम दिन कई अहम घटनाक्रम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। एक ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही में शामिल होंगे, वहीं दूसरी ओर जल जीवन मिशन के ठेकेदार बकाया भुगतान की मांग को लेकर विधानसभा का घेराव करेंगे। इसके अलावा राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है।

विधानसभा के अंतिम दिन मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह बगिया से रवाना होकर रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में मानसून सत्र के अंतिम दिन की कार्यवाही में शामिल होंगे। दिनभर विभिन्न विधायी कार्यों और चर्चाओं में उनकी मौजूदगी रहेगी। सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सिविल लाइन स्थित अपने निवास लौटेंगे।

बकाया भुगतान को लेकर ठेकेदारों का विधानसभा घेराव

जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य करने वाले ठेकेदार लंबे समय से बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज हैं। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद दो वर्षों से भुगतान लंबित है, जिससे ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

एसोसिएशन के अनुसार जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 2200 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। कई बार शासन और विभागीय अधिकारियों से मांग करने के बाद भी समाधान नहीं निकलने पर आज प्रदेशभर के ठेकेदार विधानसभा का घेराव करेंगे। संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि अनुबंध के बाद नई-नई शर्तें लागू कर ठेकेदारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता

राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।

राजधानी रायपुर के गांधी भवन में दोपहर 12 बजे होने वाली प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और जिला पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान पार्टी मामले में अपना पक्ष रखते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और कार्रवाई की मांग करेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!