बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय, छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन झमाझम बारिश के आसार; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // बंगाल की खाड़ी में बने सशक्त निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान जताया है। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज अंधड़, आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहने और रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ने के साथ वर्षा की तीव्रता में भी इजाफा होने की संभावना है।
रायपुर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर वर्षा और गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन क्षेत्रों में दर्ज हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर, चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा समरी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर, दौरा कोचली, बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली, अंबिकापुर, सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर और अहिवारा सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में कार्य करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।



